Lucknow : मौसम ने अचानक करवट बदली। सोमवार को राजधानी लखनऊ में कोहरे से राहत रही। सुबह के समय गुनगुनी धूप निकली और दिन भर बादलों की आवाजाही लगी रही। यहां दिन का तापमान 23.8 डिग्री रिकार्ड हुआ, जो सामान्य से 1.9 डिग्री ज्यादा था। लखनऊ में रविवार/सोमवार रात का तापमान 11.8 डिग्री रिकार्ड हुआ। जो सामान्य से 4.2 डिग्री ज्यादा था। कानपुर, प्रयागराज, झांसी और आगरा में बूंदाबांदी हुई थी।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, आने वाले 2 दिनों में बारिश की रफ्तार और इसका दायरा बढ़ सकता है। इसे लेकर चेतावनी जारी की गई है। बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, कासगंज, एटा, मैनपुरी, औरैया, शाहजहांपुर, बदायूं और आस-पास के इलाकों में ओलावृष्टि के भी आसार हैं।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, मंगलवार को राजधानी लखनऊ में बदली छाई रहेगी। गरज-चमक के साथ बूंदा-बांदी हो सकती है। इस दौरान दिन का तापमान 24 डिग्री और रात का तापमान 12 डिग्री तक हो सकता है।