खबर है कि शिंदे कैबिनेट का आज विस्तार हो सकता है। इसके लिए सभी विधायक सह्याद्री गेस्ट हाउस पहुंच चुके हैं। माना जा रहा है कि इस बैठक के बाद मंत्रिमंडल विस्तार का एलान होगा। करीब एक दर्जन मंत्री शपथ ले सकते हैं। वहीं, यह भी खबर है कि उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को गृह मंत्रालय का अहम जिम्मा सौंपा जा सकता है। शिंदे कैबिनेट में मुंबई भाजपा अध्यक्ष मंगल प्रभात लोढ़ा को भी शामिल किया जा सकता है। मंगलवार को मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, उम्मीद है कि मुझे कुछ जिम्मेदारी दी जाएगी। मैं प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, जेपी नड्डा और डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस को धन्यवाद देना चाहता हूं कि मुझे महाराष्ट्र के लोगों की सेवा करने का मौका मिलेगा।

भाजपा के ये विधायक हो सकते हैं कैबिनेट में शामिल
- चंद्रकांत पाटिल
- सुधीर मुनगंटीवार
- गिरीश महाजन
- राधाकृष्ण विखे पाटिल
- सुरेश खाड़े
- अतुल सावे
12 मंत्री ले सकते हैं शपथ
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के एक करीबी सहयोगी ने बताया कि राजभवन में सुबह 11 बजे निर्धारित समारोह में एक दर्जन मंत्री शपथ लेंगे। शपथ लेने वालों में कुछ विधान परिषद सदस्य भी होंगे।