उन्नाव:- जनपद उन्नाव में पति ने पत्नी की हत्या कर दी और हत्या करने के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए रिक्शे पर लादकर जा रहा था तभी ग्रामीणों ने उसे देखा तो उसको शक के आधार पर रोक लिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

जनपद उन्नाव के गंगाघाट कोतवाली के प्रेमनगर मोहल्ले में कटरी गौसिया मस्जिद के पास रहने वाला योगेंद्र तिवारी रिक्शा चालक है। शनिवार सुबह लगभग पाँच बजे वह अपनी पत्नी पिंकी गुप्ता का शव रिक्शे पर लादकर जा रहा था तभी ग्रामीणों ने देखा तो पूछा तब पता चला कि पत्नी की मौत हो गई है जिसके बाद ग्रामीणों को हत्या का शक हुआ तो उन्होंने पुलिस को सूचित किया जिसके बाद सूचना पर पुलिस पहुंची। योगेंद्र से पूछताछ की तो वह डरा सहमा था। पुलिस को शक हुआ तो उन्होंने हिरासत में ले लिया। थाने लाकर पूछताछ की गई तभी योगेंद्र ने अपना जुर्म कुबूल किया कि उसने पत्नी की हत्या की है। योगेंद्र ने बताया कि पंद्रह साल पहले उसने पिंकी से प्रेम विवाह किया था। उसकी शराब पीने की लत है। कल देर रात घर लौटा तो किसी बात को लेकर पत्नी से झगड़ा हो गया। इसके बाद दीवार में सिर लड़ा-लड़ाकर उसे मार डाला। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों का पंद्रह सालों से एक भी बच्चा नहीं था। दोनों के बीच आए-दिन झगड़ा होता रहता था। योगेंद्र शराब पीकर आता था और पत्नी को पीटता रहता था।
क्षेत्राधिकारी नगर आशुतोष कुमार ने बताया कि आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है और गहनता से जाँच-पड़ताल कर आवश्यक कार्यवाही की जायेगी।