उन्नाव:- माखी थाना क्षेत्र के रऊ करना गांव में रविवार सुबह बिजली केबिल ऊपर करते समय करंट की चपेट में आने से किशोर की मौत हो गई। उसे बचाने मां व तीन बहनें और चाचा झुलस गए। मां व एक बहन की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने किशोर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रऊ करना गांव के अनुज तिवारी का बेटा देवा (13) रविवार सुबह घर के बाहर लटक रहे केबिल को ऊपर करने लगा। केबिल के साथ लगे लोहे के तार में करंट उतर रहा था। लोहे के तार को छूते ही देवा करंट की चपेट में आने पर चिल्लाने लगा। शोर सुनकर मां मालती बेटे को पकड़ कर छुड़ाने लगी तो वह भी करंट की चपेट में आ गई। यह देख बहन दिव्या, लक्ष्मी, सुधा व चाचा सुधीर एक के बाद करंट की चपेट में आते चले गए।
ग्रामीणों ने देखा तो पहले केबिल को काट कर अलग किया। तब तक सभी झुलस गए थे। आनन फानन स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉक्टर ने देवा को मृत घोषित कर दिया जबकि मां मालती व बहन दिव्या को गंभींर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लक्ष्मी, सुधा व सुधीर को प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने छुट्टी दे दी। घटना की सूचना पर थाना प्रभारी राम आसरे चौधरी पहुंचे और जांच की।
किशोर देवा पांच बहनों के बीच इकलौता भाई था। गांव के एक स्कूल में कक्षा आठ की पढ़ाई कर रहा था। एक साल पहले पिता अनुज की कोविड के चलते मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद पत्नी मालती परिवार की जिम्मेदारी संभाल रही है।