उन्नाव:- नगर पालिका अध्यक्ष ऊषा कटियार को पदमुक्त किए जाने के बाद से प्रशासक की तैनाती को लेकर चल रही अटकलों पर मंगलवार को विराम लग गया था। दायित्व मिलने के बाद अतिरिक्त मजिस्ट्रेट आत्म स्वरूप श्रीवास्तव ने बतौर प्रशासक उन्नाव नगर पालिका परिषद के कार्यालय पहुंचकर पदभार ग्रहण कर लिया है।
उन्होंने पदभार ग्रहण करने के बाद पालिका के कर्मियों और अधिकारियों के साथ परिचय बैठक की। साफ-सफाई के साथ अन्य रुके पड़े कार्यो की सूची भी मांगी। इसके बाद नगर पालिका के नियमति कर्मियों का वेतन रुके होने पर जानकारी मिली तो फाइल की समीक्षा के लिए उन्होंने कहा। ईओ ओम प्रकाश ने बताया कि कर्मियों का वेतन जून और जुलाई का नहीं मिला है। वेतन भुगतान को लेकर प्रशासक को जानकारी दी गई थी। इस पर उन्होंने जल्द निर्णय लेने के लिए कहा है। इसी के साथ नगर पालिका के ठहरे हुए कार्यो को रफ्तार मिलेगी। आठ अगस्त को शासन ने कार्रवाई करते हुए पालिका अध्यक्ष ऊषा कटियार को पदमुक्त कर दिया इसके बाद से ही नगर पालिका का संचालन करने के लिए प्रशासक की तैनाती की मांग होने लगी। जिसके बाद डीएम रवींद्र कुमार ने अतिरिक्त मजिस्ट्रेट आत्म स्वरूप श्रीवास्तव को प्रशासक बनाने का प्रस्ताव तैयार करके शासन को स्वीकृति के लिए भेजा था। जहाँ से मंगलवार को यह निर्णय डीएम को स्वयं लेने के लिए अधिकृत कर दिया गया है। जिसके बाद देर शाम डीएम ने अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को ही नगर पालिका प्रशासक का दायित्व सौंपने की हरी झंडी दी थी। बुधवार सुबह ग्यारह बजे आत्म स्वरूप श्रीवास्तव ने नगर पालिका पहुंचकर ज्वाइनिंग कर ली है।