*उन्नाव:-* जनपद लखनऊ से परिवार के साथ अस्थियां विसर्जन करने गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के जाजमऊ चंदन घाट आए ससुर दामाद समेत तीन लोग नहाते समय गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। गोताखोरों ने दो को बचा लिया जबकि केजीएमयू कर्मी दामाद लापता हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस उसकी खोजबीन करा रही है। जनपद लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट गेट तीन चिल्लावां आजाद नगर निवासी ज्ञान सिंह के बेटे अंकित की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। रविवार सुबह वह अपने दामाद केजीएमयू में सफाई कर्मी रजत व अन्य परिजनों के साथ रविवार को जाजमऊ चंदन घाट पर अस्थियां विसर्जन करने आए थे। अस्थि विसर्जन के बाद सभी गंगा में नहाने लगे तभी ज्ञान सिंह, रजत और आकाश गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। यह देख गंगा स्नान कर रहे लोगों ने शोर मचाया जिसके बाद शोरसुनकर तट पर मौजूद गोताखोरों ने गंगा में छलांग लगा दी। इसमें ज्ञान सिंह और आकाश को सकुशल बाहर निकाल लिया, जबकि रजत गहरे पानी में लापता हो गया। युवक के डूबने की जानकारी जाजमऊ चौकी पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने खोजबीन कराने के लिए गोताखोरों को गंगा में उतारा। देरशाम तक गोताखोर युवक की तलाश करते रहे पर उसका पता नहीं चल सका। जानकारी पर युवक के घर के लोग मौके पर पहुंचे। उनका रो-रो कर बुरा हाल रहा।