लखनऊ:- लखनऊ के ठाकुरगंज कैम्पबेल रोड पर शराब पीने से मना करने पर वकील अशोक चौरसिया ने पत्नी पुष्पा चौरसिया (42) की गोली मार कर हत्या कर दी। वारदात मंगलवार दोपहर में हुई। गोली चलने की आवाज सुनकर बच्चे बरामदे में पहुंचे जहाँ पुष्पा खून से लथपथ मिली तो वही अशोक वहीं अपनी लाइसेंसी बन्दूक लिए खड़ा था और वह बच्चों को धमकाने लगा। इस बीच मंझले बेटे ने ही पुलिस कन्ट्रोल रूम में सूचना दे दी। पुलिस ने अशोक को गिरफ्तार कर लिया।पड़ोसियों की मदद से पुष्पा को ट्रॉमा सेन्टर ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।
गोविंदपुरम निवासी अशोक चौरसिया हाईकोर्ट में अधिवक्ता हैं। प्रैक्टिस सही नहीं चलने के कारण अशोक ने वकालत छोड़ दी थी। मौजूदा वक्त में वह ईंट सप्लाई कर रहा था। परिवार में पत्नी पुष्पा, अर्पित (19) और बेटी आद्या (15) हैं। बड़ा बेटा अभय (22) दिल्ली में रह कर पढ़ाई करने के साथ ही निजी कम्पनी में नौकरी करता है। अशोक शराब पीने का आदी है। नशे में धुत होने के बाद वह कई बार पत्नी और बच्चों की पिटाई कर चुका है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में बताया कि हाईकोर्ट में उसकी प्रैक्टिस ठीक से नहीं चल रही थी। वकालत न चलने को लेकर घर में रोज विवाद होता था। घर का खर्च चलाने के लिए ईंट की सप्लाई का काम भी शुरू किया था लेकिन वह भी ठीक से चल नहीं रहा था। घटना के वक्त भी शराब और खाना को लेकर विवाद हुआ था इसके बाद गुस्से में बंदूक से गोली चल गई। वकील ने घटना को हादसा बताया है।