IMD ने कहा कि मानसून मुंबई सहित कोंकण के अधिकांश हिस्सों, मध्य महाराष्ट्र और कर्नाटक के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ गया है. बता दें कि आईएमडी ने गुरुवार को कहा था कि मानसून सामान्य गति से आगे बढ़ रहा है और अगले दो दिनों में इसके महाराष्ट्र पहुंचने की संभावना है।
पूर्वानुमान के मुताबिक मानसून समय से मुंबई पहुंच गया है. मौसम एजेंसी ने आगे बताया कि उत्तरी अरब सागर के कुछ हिस्सों, कोंकण के शेष हिस्सों, गुजरात राज्य के कुछ हिस्सों, मध्य महाराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों, पूरे कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए वर्तमान परिस्थितियां अनुकूल हैं।]
इससे पहले महीने में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मानसून के दौरान देश में बाढ़ की स्थिति से निपटने की तैयारियों की समीक्षा के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक की थी। बता दें कि आने वाले 5 दिनों में पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी क्षेत्र पश्चिम बंगाल और सिक्किम में तेज बारिश जारी रहने के आसार हैं।
वहीं, अगले कुछ घंटों में मुंबई के ठाणे, रायगढ़, पालघर, रत्नागिरी और आस-पास के इलाकों में तेज हवाओं और गरज के साथ बारिश होगी। महाराष्ट्र में आज सुबह ही कुछ हिस्सों में बारिश हुई. कई स्थानों पर पेड़ टूटकर गिर गए।
मौसम विभाग ने कहा कि अगले 3-4 घंटों के दौरान ठाणे, रायगढ़, पालघर, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, मुंबई जिलों में अलग-अलग स्थानों पर 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ बिजली और मध्यम से तीव्र बारिश के साथ गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मुंबई के आसपास के इलाकों में कई जगह पर पेड़ टूटे हुए नजर आए. ठाणे में एक पेड़ टूटकर टेम्पो पर जा गिरा।