उन्नाव:- जनपद उन्नाव के बारासगवर थाना क्षेत्र में रहने वाले एयरफोर्स कर्मी की मंगलवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई। वह छुट्टी पर गांव आया था और रात में बाइक से ससुराल जा रहा था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बारासगवर के अहरौरा गांव निवासी योगेश सिंह (35) पुत्र राजेश सिंह वायुसेना में दिल्ली में तैनात थे कुछ दिन पहले ही वह छुट्टी पर गांव आए थे। बुधवार शाम चार बजे ट्रेन से दिल्ली जाना था। जनपद कानपुर के रामादेवी में उनकी ससुराल है। पत्नी रश्मि एवं बेटी आव्या वहीं थी। मंगलवार देर रात लगभग 11 बजे योगेश बाइक से घर से रामादेवी स्थित ससुराल के लिए निकले और यहां रात में रुकने व शाम को ट्रेन पकड़ने की योजना थी।
लालकुआं-ऊंचागांव मार्ग पर रग्घूखेड़ा के पास बोलेरो ने बाइक में टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उन्हें पीएचसी बीघापुर ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया जिसके बाद योगेश की मौत से घर में कोहराम मच गया। मां सुनीता देवी व पिता राजेश सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। कानपुर से आई पत्नी रश्मि व बेटी आव्या बेसुध हो गईं।