प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का एक बार फिर 14 सितंबर को उत्तर प्रदेश का दौरा है। कोरोना संक्रमण काल में प्रधानमंत्री मोदी लम्बे समय बाद यूपी आने वाले हैं। वह इस बार पश्चिमी यूपी के अलीगढ़ पहुंचेंगे। मोदी जी 14 सितंबर को अलीगढ़ में राजा महेंद्र सिंह स्टेट यूनिवर्सिटी की आधारशिला रखेंगे।
इस कार्यक्रम को पीएम ऑफिस से मंजूरी मिलने के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय ने भी फाइनल कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम की तैयारियां देखने के लिए बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आ सकते हैं। दोपहर 12 से तीन बजे तक जिले में रूकेंगे। बता दें कि महेंद्र प्रताप सिंह जाट राजा थे।
उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ आंदोलन किया था। भारत से वह अफगानिस्तान चले गए थे। जहां 1915 में राजा महेंद्र प्रताप सिंह ने भारत की अंतरिम सरकार बनाई थी। राजा महेंद्र प्रताप ने साल 1930 में महात्मा गांधी को चिट्ठी लिखकर पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना के बारे में सतर्क भी किया था। इस चिट्ठी में लिखी गई बातें बाद में हकीकत बनी और जिन्ना ने मुसलमानों को एकजुट करके ब्रिटिश सरकार पर दबाव बनाया।
जिसके नतीजे में भारत का विभाजन हुआ और पाकिस्तान नाम का नया देश बना। राजा महेंद्र सिंह ने ही अलीगढ़ में विश्वविद्यालय खोलने के लिए अपनी जमीन दान की थी, लेकिन अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के किसी भी कोने में उनका नाम अंकित नहीं है। इसी कारण यहां पर एएमयू का नाम बदलने के लिए काफी मांग उठती रहती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसके लिए रास्ता निकाला। ऐसे में प्रदेश सरकार ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जवाब में महेंद्र प्रताप सिंह के नाम पर राज्य स्तरीय विश्वविद्यालय बनाने का निर्णय लिया।