वरिष्ठ पत्रकार विनोद दुआ का निधन, उनकी बेटी और अभिनेत्री मल्लिका दुआ ने इस बात की पुष्टि की है।

वरिष्ठ पत्रकार विनोद दुआ का 67 वर्ष की उम्र में दिल्ली में निधन हो गया है। उनकी बेटी और अभिनेत्री मल्लिका दुआ ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए निधन की पुष्टि की है। देश के जाने माने पत्रकार विनोद दुआ ने शनिवार को आखिरी सांस ली।

दुआ ने कई न्यूज चैनलों में काम किया था और पत्रकारिता के क्षेत्र में एक बड़ा नाम थे। उन्हें पत्रकारिता के बड़े सम्मान रामनाथ गोयनका पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

साल 2008 में उन्हें भारत सरकार द्वारा में पत्रकारिता के लिए पद्म श्री से भी सम्मानित किया गया था। जून 2017 में, पत्रकारिता के क्षेत्र में उनकी जीवन भर की उपलब्धि के लिए, मुंबई प्रेस क्लब ने उन्हें रेडइंक पुरस्कार से सम्मानित किया था।

कोरोना महामारी की दूसरी लहर में विनोद दुआ और उनकी पत्नी संक्रमित हो गए थे। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था. विनोद दुआ ने कोरोना को मात दे दी थी।

जबकि उनकी पत्नी का 12 जून को निधन हो गया था। लीवर में संक्रमण के कारण कुछ दिनों पहले ही उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पांच दिनों से वह अपोलो अस्पताल के आईसीयू में भर्ती थे, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली. विनोद दुआ का अंतिम संस्कार कल लोधी श्मशान घाट में होगा।

मल्लिका दुआ ने अपने पिता की एक तस्वीर साझा की और लिखा, हमारे निडर और असाधारण पिता, विनोद दुआ का निधन हो गया है। उन्होंने एक अद्वितीय जीवन जिया, दिल्ली की शरणार्थी कॉलोनियों से 42 वर्षों तक वह पत्रकारिता की उत्कृष्टता के शिखर तक बढ़ाते हुए हमेशा सच बोलते रहे।

वह अब हमारी मां, उनकी प्यारी पत्नी चिन्ना के साथ स्वर्ग में हैं, जहां वे गाना, खाना बनाना, यात्रा करना एक-दूसरे के लिए जारी रखेंगे।

Share It