रूस की चेतावनी- तीसरा विश्व युद्ध परमाणु और विनाशकारी होगा: रूसी विदेश मंत्री लावरोवी।

मॉस्को, दो मार्च (भाषा) रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने बुधवार को चेतावनी दी कि अगर तीसरा विश्व युद्ध होता है तो यह “परमाणु और विनाशकारी” होगा। उनकी यह चेतावनी यूक्रेन के खिलाफ मॉस्को के चल रहे बड़े सैन्य अभियान को लेकर पश्चिम के साथ बढ़ते तनाव के बीच आई है।

नाटो को यूक्रेन में शामिल नहीं होने को लेकर दी गई एक अप्रत्यक्ष चेतावनी में लावरोव ने कहा कि भविष्य में अगर कोई भी विश्व युद्ध होता है तो वह परमाणु हथियारों से लड़ा जाएगा। उनका यह बयान राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा चेतावनी दिए जाने के कुछ ही दिनों बाद आया है, जिसमें पुतिन ने चेताया था कि यूक्रेन में सेना भेजने वाले किसी भी देश को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

विदेश मंत्री ने दावा किया कि मॉस्को यूक्रेन में शांति प्राप्त करने के उद्देश्य से वार्ता के दूसरे दौर में प्रवेश करने के लिए तैयार है। उन्होंने बातचीत के बीच में बाधा के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका को जिम्मेदार ठहराया। लावरोव ने कहा कि अगर यूक्रेन ने परमाणु हथियार हासिल कर लिया तो रूस को “वास्तविक खतरे” का सामना करना पड़ेगा।

कतर स्थित समाचार चैनल ने बताया कि लावरोव ने कहा कि यूक्रेन के खिलाफ विशेष अभियान कीव को परमाणु हथियार प्राप्त करने से रोकने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। चैनल ने लावरोव के हवाले से कहा, “सैन्य अभियान का उद्देश्य यूक्रेन को निरस्त्र करना है।

रूस यूक्रेन को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देगा।”रूस ने पिछले हफ्ते यूक्रेन के खिलाफ विशेष सैन्य ऑपरेशन चलाने का ऐलान किया था। यूक्रेन की ओर से कड़े विरोध का सामना कर रहे रूस ने उसके शहरों पर हमले तेज कर दिए हैं।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने अमेरिका से मदद मांगते हुए कहा कि ‘आक्रमणकारी’ को जल्द से जल्द रोकना जरूरी है। रूसी सेना का दावा है कि उसने यूक्रेन के खेरसन पर कब्जा करने का दावा किया है। रूस के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता इगोर कोनाशेनकोव ने टेलीविजन पर कहा, “रूसी सशस्त्र बलों ने खेरसन के रीजनल सेंटर को पूरी तरह से नियंत्रण में ले लिया है।”

वहीं, अमेरिका समेत कई पश्चिमी देशों ने रूस पर प्रतिबंध कड़े कर दिए हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने रूसी विमानों के अमेरिका के हवाई क्षेत्र के इस्तेमाल करने पर रोक लगाने की घोषणा की। कनाडा और कुछ अन्य यूरोपीय देशों ने भी यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद रूसी विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्रों को बंद कर दिया है।

Share It