मेजर ध्यान चंद खेल रत्न अवॉर्ड, 11 खिलाड़ियों को मिलेगा देश का सबसे बड़ा सर्वोच्च खेल सम्मान !

नयी दिल्ली, 27 अक्टूबर (भाषा) तोक्यो खेलों में व्यक्तिगत ओलंपिक स्वर्ण पदक जीतने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय बने भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा और रजत पदक विजेता पहलवान रवि दहिया के नाम की सिफारिश बुधवार को खेल रत्न पुरस्कार के लिए की गई।

इस बार अभूतपूर्व कुल 11 खिलाड़ियों को देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार के लिए चुना गया है।

ऐसा पहली बार है जब 11 खिलाड़ियों को देश के सबसे बड़े खेल सम्मान से नवाजा जा रहा है। पिछली बार 6 खिलाड़ियों को खेल रत्न दिया गया था। नीरज चोपड़ा खेल रत्न हासिल करने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में सबसे ऊपर हैं।

नीरज चोपड़ा ने इसी साल टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया था। जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा भारत के पहले एथलीट हैं जिसने ट्रैक एंड फील्ड में ओलंपिक मेडल अपने नाम किया है।

तोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली महिला मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन, अनुभवी हॉकी गोलकीपर पीआर श्रीजेश और महिला टेस्ट क्रिकेट टीम की कप्तान मिताली के नाम की सिफारिश भी चयन समिति ने मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार के लिए की।

तोक्यो पैरालंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले निशानेबाज अवनि लेखरा और मनीष नरवाल, भाला फेंक खिलाड़ी सुमित अंतिल और बैडमिंटन खिलाड़ियों प्रमोद भगत और कृष्णा नागर को भी खेल रत्न पुरस्कार के लिए चुना गया।

ओलंपिक में एतिहासिक कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम के सदस्यों को भी अर्जुन पुरस्कार दिया जाएगा।

Share It