महाराष्ट्र के अहमदनगर के जिला अस्पताल में आग लगने की वजह से 10 कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई। जिले के कलेक्टर राजेन्द्र भोसले ने जानकारी देते हुए कहा कि सभी 10 कोरोना संक्रमितों का इलाज अस्पताल के स्पेशल वार्ड में चल रहा था।
वार्ड में आग लगने की वजह से कम से कम 10 कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई। जबकि 6 मरीज झुलस गए हैं। ये आग सिविल अस्पताल के कोरोना वार्ड में लगी थी। घायल मरीजों का इलाज किया जा रहा है। आग की तस्वीरें बेहद भयानक है। अस्पताल से धुएं का गुबार निकलता हुआ दिखाई दे रहा है।
उसके सामने एक व्यक्ति भाग रहा है। आग लगते ही अस्पताल में चीख पुकार मच गई। मरीज असहाय चिल्लाते रहे। जब कोरोना वार्ड में आग पहुंची तो वहां डरावना दृश्य था। कई मरीज बेबस थे और भाग नहीं पा रहे थे। फिलहाल, दमकल विभाग की जांच जारी है।
आग पर काबू पा लिया गया। घटना सुबह 10:30 बजे के करीब की बताई जा रही है। लगभग 11:30 बजे आग पर काबू पाया गया । अहमदनगर के जिला कलेक्टर डॉक्टर राजेंद्र भोसले ने संवाददाताओं को बताया कि मरीजों को दूसरे अस्पताल के कोविड वार्ड में शिफ्ट किया गया है।
उन्होंने कहा कि अस्पताल की इमारत का ‘फायर ऑडिट’ किया गया है। भोसले ने कहा कि आग के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन दमकल विभाग की प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि आग का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता था।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अहमदनगर में आग की घटना पर दुख जताया है। शाह ने कहा, “महाराष्ट्र के अहमदनगर के सिविल अस्पताल में आग लगने से हुई हृदयविदारक दुर्घटना से अत्यंत व्यथित हूं। दुःख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं व ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”
महाराष्ट्र के अहमदनगर के सिविल अस्पताल में आग लगने से हुई हृदयविदारक दुर्घटना से अत्यंत व्यथित हूँ। दुःख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं व ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ।
— Amit Shah (@AmitShah) November 6, 2021