दिल्ली में कोहरे और ठंड ने लोगों को परेशान कर दिया है। बढ़ती ठंड के साथ बारिश की दोहरी मार ने राजधानी ही नहीं बल्कि ज्यादातर उत्तर भारत पर गहरा असर डाला है।
इस बीच मौसम विभाग ने एक नए पश्चिमी विक्षोभ की चेतावनी जारी की है। यह विक्षोभ पूरे उत्तर भारत को प्रभावित करेगा। इसके कारण ही 21, 22 और 23 जनवरी को दिल्ली में तेज बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने 22 जनवरी के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश का अनुमान जताया गया है।
इन छह राज्यों में बारिश की शुरुआत 21 जनवरी से होगी, जोकि अगले दो दिनों तक जारी रहेगी। IMD ने कहा कि आने वाले दो दिनों में उत्तर भारत के कई इलाकों में घना कोहरा छाया रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक राजस्थान, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, बिहार, ओडिशा, उत्तर प्रदेश में सुबह और शाम के समय काफी घना कोहरा बना रहेगा।
इससे विजिबिलिटी में कमी आ सकती है। IMD की मानें तो राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 21, 22 और 23 जनवरी को भारी बारिश होने की संभावना है।
ऐसे में दिल्ली में रह रहे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। वहीं उत्तर प्रदेश, बिहार में दिन के समय में तापमान 12- 13 डिग्री सेल्सियस के आस पास चल रहा है।
यहां दक्षिणी भारत में बारिश या वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का कोई असर देखने को नही मिलेगा। झारखंड में भी पिछले कुछ दिनों से कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है।