डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह की 21 दिन की फ़रलो आज खत्म हो रही है, बाबा लौटेगा जेल।

सुनारिया जेल में सजा काट रहे डेरा सच्चा सौदा प्रमुख बाबा गुरमीत राम रहीम की 21 दिन की फरलो आज खत्म हो रही है। दरअसल आज दोपहर 12 बजे के बाद बाबा को वापस जेल लौटना होगा। कड़ी सुरक्षा के बीच राम रहीम को सुनारिया जेल ले जाया जाएगा।

इस दौरान तक सिरसा, गुरुग्राम समेत रोहतक में अलर्ट किया गया है। राम रहीम के जेल वापस लौटने से पहले उसके लिए डेरा में पार्टी रखी गई थी। खबर के मुताबिक रविवार सुबह से ही डेरा में काफी चहल-पहल थी। बीते रात राम रहीम के लिए पार्टी का आयोजन किया गया था।

बता दें कि सरकार ने फरवरी में राम रहीम की 21 दिन की पैरोल मंजूर की थी। इस दौरान सरकार ने राम रहीम की जान का खतरा बताते हुए उसे जेड प्लस की सुरक्षा मुहैया करवाई थी। फरलो के दौरान राम रहीम ज्यादातर समय अपने गुरुग्राम स्थित आश्रम में ही रहा।

इस दौरान शांतिपूर्ण ढंग से उसकी फरलो खत्म हो गई। राम रहीम को सीबीआई की विशेष कोर्ट ने 2 साध्वियों से यौन उत्पीड़न के मामले में 25 अगस्त 2017 को सजा सुनाई थी। पंचकूला में हिंसा के बाद राम रहीम को सुनारिया जेल में भेजा गया था।

तभी से वह जेल में बंद है। इसके बाद उसे पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड में भी सजा सुनाई गई थी। पिछले साल भी, डेरा प्रमुख को अपनी बीमार मां से मिलने के लिए सुबह से शाम तक की आपातकालीन परोल दी गई थी। वह स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए भी कुछ मौकों पर जेल से बाहर आए थे।

उस दौरान राम रहीम को 48 घंटे की पैरोल मिली थी। इसके बाद 3 जून 2021 को जांच के लिए दोबारा पीजीआईएमएस लाया गया था। साथ ही 6 जून को इलाज के लिए गुरुग्राम के मेदांता मेडिसिटी में भर्ती किया गया था। राम रहीम को कुछ शर्तों के साथ ही फरलो दी गई थी।

इसमें न वह जनसभा कर सकते थे। ना ही उनके डेरे पर भक्तों का तांता लग सकता है। फरलो एक तरह से सजायाफ्ता कैदियों के लिए छुट्टी की तरह ही होती है। फरलो के तहत एक निर्धारित अवधि के लिए कैदी को अपने घर जाने की अनुमति होती है।

Share It