छठ के पहले दिन यमुना नदी का जायजा लेने कालिंदी कुंज पहुंचे बीजेपी सांसद मनोज तिवारी, झाग से ढकी यमुना में उतरे बीजेपी के मनोज तिवारी।

भारतीय जनता पार्टी के सांसद मनोज तिवारी ने सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में जहरीली झाग से ढकी यमुना में नाव की सवारी की।
यमुना में अमोनिया का स्तर बढ़ने से राजधानी की जलापूर्ति भी शनिवार शाम से प्रभावित है। बता दें कि लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा सोमवार से शुरू हो चुका है।

राजधानी दिल्ली में भी यह पर्व मनाया जा रहा है। इस बीच बीजेपी संसद मनोज तिवारी आज कालिंदी कुंज यमुना घाट पहुंचे। इस दौरान नदी में जहरीला झाग देखकर वह भड़क गए। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से इस मामले पर संज्ञान लेने और दिल्ली सरकार को बर्खास्त करने की अपील की है।

उन्होंने इससे पहले एक ट्वीट के जरिए मौके पर पहुंचने के बारे में जानकारी दी थी। बीजेपी संसद ने कहा, “7 साल बाद दिल्ली सरकार अगर यहां के लोगों को ये तस्वीर देती है तो अरविंद केजरीवाल को पद पर रहने का अधिकार नहीं है। दिल्ली सरकार लोगों के घाटों पर आने पर रोक लगाती है लेकिन सफाई के झूठे दावे करती है। सुप्रीम कोर्ट को इसपर तत्काल संज्ञान लेना चाहिए।”

बता दें कि दिल्ली में यमुना घाटों के किनारे छठ मनाने की इजाजत नहीं दी गई है। इससे पहले मनोज तिवारी ने ट्वीट किया, “क्या हाल कर दिया आप ने दिल्ली का, ये आज की यमुना नदी की तस्वीरें काफ़ी चिंताजनक हैं और ये तस्वीरें बयान करती हैं कि दिल्ली के मुख्यमंत्री ने पूर्वांचलियों की आस्था के पर्व छठ पूजा को यमुना नदी के तट पर मनाने से रोक क्यों लगाई, पोल जो खुल जाती। पहुंच रहा हूं। इस घाट पर सच्चाई दिखाने।”

मनोज तिवारी ने कहा कि आज दिल्ली ऐसा दृश्य देख रही है जिस पर केजरीवाल सरकार को माफ नहीं किया जा सकता है। वहीं, बीजेपी के एक अन्य सांसद प्रवेश वर्मा ने भी केजरीवाल सरकार को निशाने पर लिया। महिलाओं के साथ प्रदर्शन की अगुवाई में प्रवेश वर्मा यमुना घाट पहुंच गए।

प्रवेश वर्मा ने फावड़ा उठा कर प्रतीकात्मक रूप से कुंड का निर्माण किया। दिल्ली में छठ पूजा के पहले दिन यमुना नदी में जहरीले झाग के बीच श्रद्धालुओं ने यमुना नदी में स्नान किया। एक श्रद्धालु महिला ने सिकायत कि यहां पानी बहुत गंदा है लेकिन छठ पूजा में नहाना पड़ता है इसलिए हम नहाने आए हैं।

Share It