28 सितंबर को सिद्धू ने कांग्रेस की पंजाब इकाई के प्रमुख के पद से इस्तीफा दे दिया। पंजाब में कैबिनेट विस्तार के बाद नौकरशाही व्यवस्था और उनके आदेशों का पालन नहीं किए जाने से वह कथित तौर पर नाराज थे। राज्य कांग्रेस इकाई में महीनों की उथल-पुथल के बाद उन्हें इस साल 23 जुलाई को पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया था।
पंजाब कांग्रेस में तनातनी के बाद सिद्धू और कैप्टन अमरिन्दर सिंह के बीच अगस्त में, पार्टी ने सिद्धू को तत्कालीन मुख्यमंत्री की इच्छा के विरुद्ध स्पष्ट रूप से कांग्रेस प्रमुख के रूप में नियुक्त किया था।
अमरिंदर सिंह ने सितंबर में मुख्यमंत्री का पद छोड़ दिया था और हाल ही में कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से अपना इस्तीफा दे दिया था, जिसे पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी स्वीकार कर लिया है। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब कांग्रेस में जारी विवाद थमता नजर आ रहा है।
पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने अपना इस्तीफा वापस ले लिया है। हालांकि काम संभालने के लिए नवजोत सिंह सिद्धू ने कुछ शर्त भी रख दी है। न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, चंडीगढ़ में नवजोत सिंह सिद्धू ने शुक्रवार को कहा कि मैंने पंजाब कांग्रेस प्रमुख के रूप में अपना इस्तीफा वापस ले लिया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष, राहुल और प्रियंका जी के इस सिपाही ने अपना इस्तीफा वापस ले लिया है। नवजोत सिंह सिद्धू ने साथ ही कहा कि जिस दिन नए एडवोकेट जनरल बनेंगे और नया पैनल आ जाएगा, उस दिन मैं ऑफिस जाकर अपना कार्यभार सभालूंगा। नवजोत ने मुख्यमंत्री चन्नी के साथ हुई बात को लेकर कहा, “मैं उनसे लंबे समय से मिल रहा हूं।
मैं उनसे पिछले 1 महीने से बात कर रहा हूं। पहली बैठक पंजाब भवन में थी, उस समय बात यह थी कि पैनल (डीजीपी पर) आएगा और एक हफ्ते में चीजें तय हो जाएंगी। 90 दिन की सरकार है, 50 दिन हो गए।” उन्होंने कहा, “व्यक्तिगत कुछ भी नहीं है। मैं उनसे राज्य के लिए बात करता हूं।
राज्य के लिए जो भी अच्छा किया जा सकता है, उसके लिए मैं उनसे बात करता हूं। मेरा चरणजीत चन्नी से कोई मतभेद नहीं है, बिल्कुल भी नहीं। मैं जो कुछ भी करता हूं पंजाब पंजाब के लिए करता हूं। मैं पंजाब के लिए खड़ा हूं। पंजाब मेरी आत्मा है। यही है लक्ष्य।” मुझे किसी पद का लालच नहीं है लेकिन मैं केवल पंजाब के लोगों अधिकारों के लिए लड़ता हूं। 2022 के चुनाव में कांग्रेस को 80-100 सीटें दिलाऊंगा।”