गुजरात विधानसभा चुनाव से पहले गुजरात के सीएम ने राज्य के पद छोड़ दिया है। गुजरात के सीएम विजय रुपाणी ने मुख्यमंत्री के पद से अपना इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने शनिवार को राज्यपाल आचार्य देवव्रत को अपना इस्तीफा सौंपा। बताया जा रहा है कि रूपाणी और पार्टी संगठन में काफी दिनों से मतभेद चल रहा था।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल से उनकी अनबन चल रही थी। बताया जा रहा है कि पिछले साल ही संगठन ने रूपाणी के खिलाफ पार्टी को रिपोर्ट दी थी। राजनीतिक जानकारों का यह भी कहना है कि विजय रूपाणी के नेतृत्व में सरकार की पकड़ ढीली पड़ रही थी। कामकाज को लेकर रूपाणी सरकार की छवि कमजोर हो रही थी।
विजय रुपाणी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस्तीफे के बाद पीएम मोदी का शुक्रिया अदा किया और कहा कि आगे जो भी जिम्मेदारी मिलेगी, उसे निभाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अब वह संगठन के लिए काम करेंगे। राज्य में एक चुनाव से ठीक एक साल पहले भारतीय जनता पार्टी यहां चेहरा बदलने जा रही है।
भाजपा आलाकमान लंबे समय से गुजरात में नेतृत्व परिवर्तन पर विचार कर रहा था। रुपाणी के दूसरे कार्यकाल के 4 साल पिछले महीने ही पूरे हुए थे। अब जिसे नये मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, उसके ऊपर आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को एक बार फिर सत्ता दिलाने का बड़ा दायित्व होगा।
लोगों के मन में नए मुख्यमंत्री के नामों को लेकर अटकलें चल रही हैं। इस रेस में उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल का नाम सबसे ऊपर है।