कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री ऑस्कर फर्नांडिस का निधन !

पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ऑस्कर फर्नांडिस का निधन हो गया है। आखिरी वक्त ये मंगलुरु में थे।वे 80 साल के थे। ऑस्कर फर्नांडिस को गांधी परिवार का बेहद करीबी माना जाता था। फर्नांडिस की गिनती कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी के करीबियों में से होती थी।

वह यूपीए सरकार में सड़क-परिवहन मंत्री रह चुके थे। अभी भी ऑस्कर फर्नांडिस राज्यसभा के सांसद थे । इसके अलावा वह दिवंगत पूर्व पीएम राजीव गांधी के संसदीय सचिव भी रह चुके हैं. वह कुछ हफ्तों के लिए अस्पताल में भर्ती थे। कांग्रेस ने ट्वीट कर कहा कि श्री ऑस्कर फर्नांडीस जी के निधन से हमें गहरा दुख हुआ है, उनके परिवार के प्रति हमारी हार्दिक संवेदना है।

जानकारी के मुताबिक ऑस्कर फर्नांडिस काफी समय से बीमार चल रहे थे। इससे पहले इसी साल जुलाई में वयोवृद्ध कांग्रेस नेता, ऑस्कर फर्नांडीस की ब्रेन सर्जरी हुई थी। सर्जरी के बाद वह कोमा में थे।

मस्तिष्क में बने रक्त के थक्के को येनेपोया अस्पताल, कोडियालबेल, मंगलुरु में लगभग छह घंटे की लंबी सर्जरी के बाद हटा दिया गया था और उनकी हालत स्थिर बनी हुई थी। राज्यसभा सदस्य ऑस्कर फर्नांडिस की योग का अभ्यास करते समय सिर में चोट लगने के बाद उनकी हालत बिगड़ गई थी।

80 वर्षीय कांग्रेस नेता को घर पर योग करते समय गिरने और सिर में चोट लगने के बाद यहां एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

Share It