उन्नाव:- समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र स्थित आरआरबीएन इंटर कालेज में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने महंगाई, छुट्टा मवेशी, बेरोजगारी और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार पर हमला बोला। कहा कि सपा की सरकार बनी तो उन्नाव में भी मेट्रो ट्रेन चलाएंगे। उन्होंने लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे को उन्नाव से निकालने को सपा की उपलब्धि बताया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव के चरण आगे बढ़ रहे हैं, भाजपा सुन्न हो रही है। चौथे चरण में उन्नाव जिले के लोग सभी छह सीटों पर सपा को जिताएंगे और भाजपा को शून्य कर देंगे। प्रत्याशियों के समर्थन में हुई जनसभा में अखिलेश यादव ने कहा कि झूठ बोलने वालों को किसान, नौजवान, बेरोजगार, व्यापारी सभी मिलकर घर का रास्ता दिखाएंगे। अखिलेश यादव ने कहा कि इंटर पास छात्रों की आईटी ट्रेनिंग कराकर 22 लाख लोगों को इस क्षेत्र में रोजगार देंगे। उन्होंने कहा कि उन्नाव में कारखाने काफी संख्या में हैं। इनमें तमाम निर्यात भी करते हैं।

समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर उद्यमियों की मदद कर उद्योगों और निर्यात को भी बढ़ावा देंगे। सरकार ने एमएसपी को मजाक बना दिया, खाद-कीटनाशक मिले नहीं, ऊपर से मुकदमे लगाए गए। हवाई चप्पल वालों को हवाई यात्रा करवाने का वादा करने वालों ने हवाई जहाज और हवाई अड्डे ही बेच डाले। मौरावां में 100 बेड का अस्पताल समाजवादी पार्टी की सरकार में बनना शुरू हुआ, उसे भी भाजपाई पूरा नहीं करा पाए। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा प्रत्याशी के बहाने चुटकी लेते हुए कहा कि जो सदन चलाते थे पार्टी ने उनका ही टिकट काट दिया। इशारों ही इशारों में उन्होंने भगवंतनगर के विधायक व विधानसभा अध्यक्ष हृदयनारायण दीक्षित के समर्थकों के मन की टीस को टटोलने की कोशिश भी की। इस दौरान समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता सुनील सिंह साजन, जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह यादव, पूर्व सांसद अन्नू टंडन, अरुण शंकर शुक्ल, पूर्व विधायक रामकुमार, प्रत्याशी अंकित सिंह परिहार आदि लोग मौजूद रहे।