उन्नाव की सदर विधानसभा जो काफी चर्चित सीट है यहाँ लगातार 27 साल तक एक ही परिवार का कब्जा रहा

उन्नाव:- उन्नाव की सदर विधानसभा सीट को समाजवादी पार्टी का गढ़ माना जाता है। यह सीट लोधी और निषाद बाहुल्य सीट है। 1985 के चुनाव में यहाँ की राजनीति में एक नया नाम जुड़ा “मनोहर लाल” बतौर लोकदल प्रत्याशी इन्होंने पहला चुनाव जीता और तीन बार विधायक रहे। मनोहर लाल प्रदेश सरकार में मंत्री भी बने। सदर विधानसभा सीट पर पूर्व मंत्री स्व. मनोहर लाल के परिवार का अच्छा दबदबा रहा है। उन्नाव सदर विधानसभा सीट की चर्चा होती है तो पूर्व मंत्री स्व. मनोहर लाल परिवार के जिक्र के बिना पूरी नहीं होती। 27 साल तक इस सीट पर पूर्व मंत्री स्व. मनोहर लाल और उनके परिवार का कब्जा रहा। 1985 से लेकर 2012 तक हुए आठ आम चुनाव और एक उपचुनाव में मतलब नौ चुनावों में सात बार पूर्व मंत्री स्व. मनोहर लाल परिवार का कब्जा रहा। पूर्व मंत्री स्व. मनोहर लाल के बाद उनके बेटे दीपक कुमार ने विरासत संभाली और तीन बार वह भी विधायक बने और एक बार सांसद भी। सांसद बनने पर उपचुनाव में उनके भाई राम कुमार ने सीट पर कब्जा बरकरार रखा। दीपक कुमार का निधन होने के बाद 2014 में हुए उपचुनाव में यह सीट भाजपा के कब्जे में चली गई। इस सीट से भाजपा के पंकज गुप्ता दो बार से लगातार विधायक हैं। पंकज गुप्ता एक उपचुनाव और एक आम चुनाव जीते थे।

सदर विधानसभा से अबतक के विधायक

1- 1951 लीलाधर अस्थाना (कांग्रेस पार्टी)
2- 1957 चौधरी खजान सिंह (प्रजा सोशलिस्ट पार्टी)
3- 1962 जियाउर्रहमान अंसारी (कांग्रेस पार्टी)
4- 1967 जियाउर्रहमान अंसारी (कांग्रेस पार्टी)
5- 1969 अनवार अहमद (भारतीय क्रांति दल)
6- 1974 शिवपाल सिंह (भारतीय क्रांति दल)
7- 1977 चंद्रपाल सिंह (जनता पार्टी)
8- 1980 शिवपाल सिंह (जनता पार्टी सेक्युलर)
9- 1985 मनोहर लाल (लोकदल)
10- 1989 मनोहर लाल (जनतादल)
11- 1991 शिवपाल सिंह (भाजपा)
12- 1993 मनोहर लाल (सपा)
13- 1996 दीपक कुमार (सपा)
14- 2000 राम कुमार (सपा, उपचुनाव)
15- 2002 कुलदीप सिंह सेंगर (बसपा)
16- 2007 दीपक कुमार (सपा)
17- 2012 दीपक कुमार (सपा)
18- 2014 पंकज गुप्ता (भाजपा, उपचुनाव)
19- 2017 पंकज गुप्ता (भाजपा)

मतदाताओं के जातिगत आंकड़े (अनुमानित)

  • ब्राह्मण 65 हजार
  • लोधी 52 हजार
  • मुस्लिम 42 हजार
  • क्षत्रिय 32 हजार
  • केवट 25 हजार
  • पासी 33 हजार
  • वैश्य 24 हजार
  • अन्य जातियां 50 हजार

कुल मतदाता:- 3,81,370
महिला मतदाता:- 1,70,920
पुरुष मतदाता:- 2,09,832
अन्य मतदाता:- 21

विधायक का रिपोर्ट कार्ड

उन्नाव की सदर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक पंकज गुप्ता 2014 के उपचुनाव में पहली बार विधायक निर्वाचित हुए थे। पंकज गुप्ता 2017 के विधानसभा चुनाव में भी जीते थे। 2008 से 2013 तक नगरपालिका परिषद के चेयरमैन भी रहे है। पंकज गुप्ता की शैक्षिक योग्यता की अगर बात की जाए तो वो बीएससी हैं। पंकज गुप्ता का दावा है कि उनके कार्यकाल में इलाके का चहुंमुखी विकास हुआ है।

विधायक पर जनता के आरोप और उनकी समस्याएं

विधायक पंकज गुप्ता दावा जरूर करते है कि उनके कार्यकाल में इलाके का चहुंमुखी विकास हुआ है लेकिन क्षेत्र की जनता का कहना है कि सड़को, गलियों में साफ-सफाई एवं जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है इसके साथ ही साथ सीवर, पेयजल, पानी में फ्लोराइड की मुख्य समस्या हैं। वर्तमान समय में इनकी सरकार है यह चाहते तो क्षेत्र का काफी विकास करा सकते थे लेकिन कुछ भी नहीं किया।

समाजवादी पार्टी से प्रत्याशी

सदर विधानसभा से समाजवादी पार्टी ने अभिनव कुमार को प्रत्याशी बनाया है जो युवा, शिक्षित, साफ छवि के प्रत्याशी है। अभिनव कुमार का यह पहला चुनाव है। इनकी शैक्षिक योग्यता की बात की जाए तो इन्होंने एमबीबीएस कर रखा है। अभिनव कुमार का पूरा परिवार पिछले कई दशकों से समाजवादी पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहा है।अभिनव कुमार के बाबा स्व. मनोहर लाल समाजवादी पार्टी से उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रहे। उनके पिता दीपक कुमार उन्नाव से विधायक और सांसद रहे। लगातार कई वर्षों तक उन्नाव की सीट पर अभिनव कुमार के परिवार का कब्जा रहा। इनके परिवार के द्वारा क्षेत्र का काफी विकास भी हुआ।

बसपा और कांग्रेस से प्रत्याशी

बहुजन समाज पार्टी ने देवेंद्र सिंह को अपना प्रत्याशी बनाया है। देवेंद्र सिंह का यह पहला चुनाव है इससे पहले कुछ दिन पूर्व हुए ब्लॉक प्रमुख चुनाव में देवेंद्र सिंह के भाई धर्मेंद्र सिंह ने मियागंज ब्लाक प्रमुख का चुनाव जीता है।
कांग्रेस ने लड़की हूं लड़ सकती हूं के तहत उन्नाव की सदर विधानसभा सीट से बहुचर्चित रेप कांड की पीड़िता की माँ आशा सिंह को अपना प्रत्याशी बनाया है। आशा सिंह का भी यह पहला चुनाव है।

सामाजिक समीकरण

उन्नाव सदर विधानसभा सीट के सामाजिक समीकरणों की बात करें तो इस विधानसभा क्षेत्र में अन्य पिछड़ा वर्ग विशेषकर लोधी और निषाद बाहुल्य सीट है। ब्राह्मण, मुस्लिम, अनुसूचित जाति के मतदाताओं की संख्या भी काफी है। उन्नाव सदर विधानसभा सीट का चुनाव परिणाम निर्धारित करने में लोधी और निषाद जाति के मतदाता निर्णायक भूमिका निभाते हैं।

भाजपा और सपा प्रत्याशी में है मुकाबला

उन्नाव की सदर विधानसभा सीट की अगर बात की जाए तो यहाँ मुकाबला भाजपा से प्रत्याशी पंकज गुप्ता और समाजवादी पार्टी से प्रत्याशी अभिनव कुमार में है। लेकिन अगर सामाजिक और जातिगत समीकरणों की बात की जाए तो चुनाव समाजवादी पार्टी से प्रत्याशी अभिनव कुमार के पक्ष में है क्योंकि लगातार क्षेत्र की जनता उनको भरपूर समर्थन दे रही है और युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय एवं मजबूत पकड़ भी रखते है। अभिनव कुमार क्षेत्र की जनता की पहली पसंद बने हुए है और उन्नाव की जनता का कहना है कि समाजवादी पार्टी से सदर विधानसभा के प्रत्याशी अभिनव कुमार की जनपद में सबसे ऐतिहासिक जीत होगी।

✍🏻
कुलदीप वर्मा, उन्नाव

Share It