उन्नाव की भगवंतनगर विधानसभा जो कवि और क्रांतिकारियों की जन्मस्थली है

उन्नाव:- उन्नाव की भगवंतनगर विधानसभा जहाँ सिद्धपीठ चंद्रिका देवी बक्सर धाम, राजा रावराम बक्श सिंह स्मारक डौंडिया खेड़ा, पाटन का तकिया मेला आदि स्थल है इसके साथ ही साथ साहित्यकार पं. सूर्यकांत त्रिपाठी निराला, शिवमंगल सिंह सुमन, बैजेगांव बेथर के हिंदी के पुरोधा पं. प्रताप नारायण मिश्र, कवि पं. गया प्रसाद शुक्ल सनेही, हास्य कवि काका बैसवारी, मगरायार के बलई काका, बदरका गांव के अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जन्मस्थली भी है। अमर बलिदानी चंद्रशेखर आजाद की जन्मस्थली इस क्षेत्र का बदरका गांव भी है। आठ साल पहले एक भविष्यवाणी पर डौंडिया खेड़ा में प्रशासनिक मशीनरी धरती में छिपे सोने का खजाना (हालांकि जो मिला नहीं) में जुट गई, तब यह इलाका अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में आया था। अब उत्तर प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष हृदयनारायण दीक्षित की वजह से भगवंतनगर विधानसभा प्रदेश की राजनीति में काफी महत्वपूर्ण हो गया है।

भगवंतनगर विधानसभा से अबतक के विधायक

1- 1957 भगवती सिंह (प्रजातांत्रिक सोशलिस्ट पार्टी)
2- 1962 में देवदत्त (कांग्रेस पार्टी)
3- 1967 भगवती सिंह (प्रजातांत्रिक सोशलिस्ट पार्टी)
4- 1969-भगवती सिंह (कांग्रेस पार्टी)
5- 1974 भगवती सिंह (कांग्रेस पार्टी)
6- 1977 देवकी नंदन (जनता पार्टी)
7- 1980 भगवती सिंह (कांग्रेस पार्टी)
8- 1985 भगवती सिंह (कांग्रेस पार्टी)
9- 1989 देवकी नंदन (कांग्रेस पार्टी)
10- 1991 भगवती सिंह (काग्रेस पार्टी)
11- 1993 देवकी नंदन (भाजपा)
12- 2002 नत्थू सिंह (बसपा)
13- 2007 कृपाशंकर सिंह (बसपा)
14- 2012 कुलदीप सिंह सेंगर (सपा)
15- 2017 ह्रदयनारायण दीक्षित (भाजपा)

मतदाताओं के जातिगत आंकड़े (अनुमानित)

  • ब्राह्मण 70 हजार
  • क्षत्रिय 48 हजार
  • रैदास 44 हजार
  • पासी 36 हजार
  • कुर्मी 34 हजार
  • लोधी 32 हजार
  • मुस्लिम 23 हजार

भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र में कुल मतदाता 406823 है। जिसमें पुरुष- 220490, महिला-186328, अन्य 05 है। वर्तमान समय में इस विधानसभा से उत्तर प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष हृदयनारायण दीक्षित विधायक है। ह्रदयनारायण दीक्षित लंबे समय से सक्रिय राजनीति में हैं। वह पुरवा विधानसभा से 1985 में निर्दलीय, 1989 में जनता दल, 1991 में जनता पार्टी, 1993 में समाजवादी पार्टी से विधायक बने। 2017 में भाजपा ने उन्हें भगवंतनगर विधानसभा प्रत्याशी बनाया और वह चुनाव जीते इसके साथ ही साथ उत्तर प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष भी बने। इस सीट पर कई दिग्गज और प्रभावशाली नेता अपने चहेतों को टिकट दिलाने के लिए कई दिनों से पुरजोर कोशिश में लगे थे। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष अपने बेटे को भी टिकट दिलाना चाह रहे थे तो वही एक कैबिनेट मंत्री अपने साले को टिकट दिलाना चाह रहे थे लेकिन भाजपा ने आशुतोष शुक्ला को अपना प्रत्याशी बनाया है। आशुतोष शुक्ला साल 2007 में बसपा से विधानसभा का चुनाव लड़े थे, लेकिन जीत हासिल नहीं कर सके थे उसके बाद से लगातार वह राजनीति में सक्रिय रहे और उसके बाद भी वह भाजपा के कार्यकर्ता के रूप में कार्य कर रहे थे। समाजवादी पार्टी ने अंकित सिंह परिहार, बहुजन समाज पार्टी ने ब्रजकिशोर वर्मा, कांग्रेस पार्टी ने जंगबहादुर सिंह को प्रत्याशी बनाया है।

भगवंतनगर विधानसभा की बात की जाए तो कड़ा मुकाबला भाजपा प्रत्याशी आशुतोष शुक्ला, समाजवादी पार्टी से प्रत्याशी अंकित सिंह परिहार और बहुजन समाज पार्टी से प्रत्याशी ब्रजकिशोर वर्मा में है। अब देखना यह होगा कि इस विधानसभा सीट पर सफलता किसको हासिल होगी इसका रिजल्ट 10 मार्च को ही पता चलेगा।

✍🏻
कुलदीप वर्मा, उन्नाव

Share It