लखनऊ में मिशन शक्ति के तीसरे चरण के कार्यक्रम का आयोजन आज से किया गया। इस कार्यक्रम में केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण , राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और सीएम योगी आदित्यनाथ शामिल हुए। इस दौरान विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया।
कार्यक्रम के तहत प्रदेश की महिलाओं-बेटियों को स्वावलंबी और सुरक्षा के लिए उन्हें जागरूक करने के लिए इसका शुभारंभ आज (शनिवार) राजधानी के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में हुआ। कार्यक्रम के दौरान निराश्रित महिला पेंशन योजना के तहत सीएम 29.68 लाख महिलाओं के खाते में 451 करोड़ रुपये हस्तांतरित करें।
मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत 1.55 लाख बेटियों के खातों 30.12 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए गये। इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य के लिए 75 महिलाओं को सम्मानित भी किया जाएगा। इसमें पुलिस, स्वास्थ्य, सफाई समेत विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिलाएं थीं। सबसे अधिक 11 महिलाएं लखनऊ की थीं।
महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए प्रतिबद्ध मिशन शक्ति के तीसरे चरण के शुभारंभ मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वावलंबी, सुरक्षित तथा सशक्त नारी नए उत्तर प्रदेश की नींव है। हम इस नींव को मजबूत करने के लिए मिशन शक्ति का तीसरा चरण शुरू कर रहे हैं।
इसका पहला चरण बीते वर्ष शारदीय नवरात्र में शुरू किया गया था। उन्होंने कहा यह कार्यक्रम प्रदेश के सभी 75 जनपदों के सभी जिला मुख्यालयों में भी आयोजित हो रहा है। इस मिशनका मुख्य उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है।