संसद के चल रहे मानसून सत्र के बीच किसानों ने कृषि कानूनों को लेकर आज जंतर-मंतर पर अपना विरोध शुरू कर दिया। लगभग 200 किसानों ने सिंघू सीमा पर धरना स्थल से बसों में पुलिस एस्कॉर्ट के साथ जंतर-मंतर तक यात्रा की। इसके लिए पुलिस ने ज़बरदस्त तैयारी की थी।
किसानों की बस के आगे पीछे पुलिस का काफिला था। जंतर मंतर पर कई लेयर्स की बैरिकेडिंग कर दी गई। पुलिस के साथ साथ पैरामिलिट्री फोर्स के जवान भी अलर्ट मोड में है। किसान सुबह 11 से शाम 5 बजे तक धरना प्रदर्शन करेंगे।
केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने गुरुवार को एक बार फिर कहा कि सरकार आंदोलनकारी किसान संगठनों के साथ खुले मन से चर्चा के लिए तैयार है और वह किसानों की समस्याओं का समाधान करेगी। लेकिन, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अगर किसान कानूनों को लेकर बिंदुवार तरीके से अपनी समस्याएं लेकर आएं तो ही सरकार उनसे बात करेगी।