भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में दीपोत्सव-2021 पर एक नया रिकॉर्ड बनेगा। दीपोत्सव को पहले से अधिक भव्य और वैश्विक पटल पर अविस्मरणीय बनाने की योजना तैयार की गई है। राम नगरी अयोध्या में दीपोत्सव 2021 का आज से श्रीगणेश, एक साथ लाखों दीये रचाये जायेंगे।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छोटी दीपावली (तीन नवंबर) के दिन अयोध्या के राम की पैड़ी घाट पर नौ लाख 51 हजार दीपक जलाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य को सफल बनाने के लिए राम की पैड़ी घाट पर तेजी से तैयारियां चल रही हैं। इसके लिए अयोध्या शहर के सभी कॉलेजों के छात्र-छात्राओं को इसमें सहयोग करने के लिए बुलाया गया है।
इनके अलावा 49 संस्थाएं अपने 14000 वॉलिंटियर्स के साथ इस समय राम की पैड़ी घाट पर दीपक सजाने का काम कर रही हैं। ये दीपक सोमवार और मंगलवार दो दिन आकर्षक क्रम में रखे जाएंगे। इसके बाद छोटी दीपावली यानी बुधवार के दिन इन्हें प्रज्वलित किया जाएगा।
आयोजकों का दावा है कि इतनी संख्या में दीपक जलाने का एक विश्व रिकार्ड कायम किया जाएगा। इसके लिए गिनीज बुक के अधिकारियों से भी संपर्क किया गया है। दीपोत्सव-2021 के दौरान राम की पैड़ी पर 9 लाख दीपों का प्रज्ज्वलन किया जाएगा। यह एक प्रकार से विश्व रिकॉर्ड होगा।

इसके अलावा अयोध्या नगरी में 3 लाख दीपों को प्रज्ज्वलित किया जाएगा। सरयू के तट रामायण की गाथा को भी अमर बनाया जाएगा। साथ ही, लेजर लाइट में भव्य रामायण का हेरिटेज लुक में शो दिखाया जाएगा। पांच दिवसीय दीपोत्सव को विश्व स्तर पर यादगार बनाये जाने का प्रयास किया जा रहा है।
सरकार के स्तर पर तैयारियों को पूरा कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्ष 2017 में पहली बार दीपोत्सव का आयोजन किया था। दीपोत्सव की शुरुआत 51 हजार दीयों से हुई थी। वर्ष 2019 में 4,04,226 मिट्टी के दीयों, वर्ष 2020 में 6,06,569 मिट्टी के दीयों को सरयू के तट पर जलाया गया।
