पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी के बीच टेंशन की खबरों के बीच शुक्रवार को पार्टी ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के नामों का ऐलान कर दिया है। तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव बने रहेंगे।
तृणमूल कांग्रेस की नवगठित राष्ट्रीय कार्यसमिति की पहली बैठक में यह फैसला लिया गया। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सुप्रीमो ममता बनर्जी ने शुक्रवार को एक नयी पदाधिकारी समिति का गठन करते हुए अपने भतीजे अभिषेक बनर्जी को दोबारा पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव और वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा को उपाध्यक्ष नियुक्त किया।
तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुब्रत बख्शी और चंद्रिमा भट्टाचार्य को भी पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। अन्य लोगों में, टीएमसी के मंत्री अरूप विश्वास को कोषाध्यक्ष बनाया गया है, और कोलकाता के महापौर फरहाद हकीम को समन्वय प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा सुखेंदु शेखर राय, काकोली घोष दस्तीदार और महुआ मोइत्रा को राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाया गया है।
वहीं, पार्टी ने कार्यसमिति के बाद अब राष्ट्रीय पदाधिकारियों की कमेटी में भी वरिष्ठ नेता व सांसद सौगत राय एवं डेरेक ओ ब्रायन को जगह नहीं दी है। पुरानी कमेटी में ये दोनों नेता राष्ट्रीय प्रवक्ता थे। दोनों अभिषेक के करीबी माने जाते हैं।
दूसरी ओर, पार्टी ने पहली बार कोषाध्यक्ष भी बनाया है और मंत्री अरूप विश्वास को इसकी जिम्मेदारी सौंपी है। इसके अलावा मंत्री फिरहाद हकीम को पार्टी का समन्वयक बनाया गया है। वहीं, निति-निर्धारण कमेटी में यशवंत सिन्हा व अमित मित्रा होंगे।